उत्तर सिक्किम में भारी भूस्खलन, तीस्ता नदी का प्रवाह आंशिक रूप से बाधित, हाई अलर्ट
उत्तर सिक्किम में बड़े भूस्खलन के बाद तीस्ता और चियाकोंग नदियों का प्रवाह आंशिक रूप से बाधित हो गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है।
यह भूस्खलन 5 और 6 सितंबर की दरमियानी रात मंगन जिले में तीस्ता और चियाकोंग नदियों के संगम के पास हुआ। नागा फॉरेस्ट इलाके में पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा खिसकने से नदियों का सामान्य प्रवाह कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।
फिलहाल तीस्ता का बहाव सामान्य
अधिकारियों के अनुसार फिलहाल तीस्ता नदी का बहाव सामान्य है और अब तक किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है। संकलांग और फिडांग निगरानी केंद्रों पर जलस्तर भी सामान्य है, हालांकि पानी मटमैला हो गया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है।
निचले इलाकों में अचानक बाढ़ का खतरा
स्थानीय लोगों, मजदूरों, मछुआरों और वाहन चालकों को नदी किनारे जाने से बचने की सलाह दी गई है। अधिकारियों को आशंका है कि भूस्खलन से बनी प्राकृतिक रुकावट टूटने पर अचानक बड़ी मात्रा में पानी नीचे की ओर आ सकता है। इसका असर सिक्किम के साथ पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग, दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी के कुछ इलाकों पर भी पड़ सकता है।
पुलिस कंट्रोल रूम, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल नदी के जलस्तर तथा भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं।




टिप्पणियां