फायर सेफ्टी में लापरवाही, कोलकाता के 919 गेस्ट हाउस को बंद करने का नोटिस
फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं करने पर कोलकाता नगर निगम ने 919 गेस्ट हाउस और होटलों को बंद करने का नोटिस जारी किया है। शहर में चल रही जांच में कई प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था की कमी सामने आई है।
नगर निगम के अनुसार, अब तक 960 गेस्ट हाउस और होटलों का निरीक्षण किया जा चुका है। इनमें केवल 41 प्रतिष्ठान ही जरूरी फायर सेफ्टी मानकों पर खरे उतरे।
क्यों जारी हुआ नोटिस?
नगर आयुक्त स्मिता पांडे ने बताया कि नोटिस पाने वाले कई प्रतिष्ठानों में अग्निशमन व्यवस्था में खामियां मिली हैं। कुछ जगहों पर वैध लाइसेंस नहीं होने की बात भी सामने आई है।
अगस्त में मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित शिखा इन होटल में हुई घातक आग के बाद कोलकाता में होटल और गेस्ट हाउस की फायर सेफ्टी व्यवस्था की व्यापक जांच शुरू की गई थी।
नोटिस पाने वाले प्रतिष्ठानों को निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा करना होगा और रिन्यूअल ऑफ फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट लेने के बाद नए सिरे से लाइसेंस के लिए आवेदन करना होगा। शहर के बाकी प्रतिष्ठानों की भी जांच जारी रहेगी।




टिप्पणियां