दुर्गा पूजा में नॉनवेज विवाद, बागेश्वर बाबा के खिलाफ भवानीपुर थाने में कांग्रेस की शिकायत
दुर्गा पूजा के दौरान नॉनवेज भोजन को लेकर बयान के बाद बागेश्वर बाबा उर्फ धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ कांग्रेस ने भवानीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस का आरोप है कि उनके बयान से बंगाली भावनाओं को ठेस पहुंची।
हाल ही में हावड़ा के लिलुआ में एक कार्यक्रम के दौरान शास्त्री ने दुर्गा पूजा और नवरात्रि के समय मछली-मांस जैसे नॉनवेज भोजन से बचने की अपील की थी। उन्होंने पूजा पंडालों के आसपास ऐसे भोजन के पकाए और खाए जाने पर भी आपत्ति जताई। इसके बाद बंगाल में राजनीतिक और सामाजिक विवाद तेज हो गया।
कांग्रेस ने क्या कहा?
कांग्रेस का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी बंगाली संस्कृति और लोगों की भावनाओं को आहत करती है तथा व्यक्तिगत खान-पान की स्वतंत्रता में दखल देने की कोशिश है। पार्टी ने भवानीपुर थाने में शिकायत के साथ FIR की मांग की है और राज्य के अन्य हिस्सों में भी शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
विवाद के बीच पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि लोग क्या खाएंगे यह उनका निजी मामला है। उन्होंने कहा कि बंगाली दुर्गा पूजा के दौरान अपनी पारंपरिक मछली-मांस की पसंद के अनुसार भोजन करते रहेंगे।
दुर्गा पूजा से पहले यह विवाद धार्मिक परंपरा, बंगाली खान-पान और राजनीतिक बयानबाजी को लेकर बहस को और तेज कर रहा है।




टिप्पणियां